उत्तराखंड में इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा छाया हुआ है. खुद को पूर्व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी कहने वाली उर्मिला सनावर के हाल ही में सोशल मीडिया एक वीडियो जारी किया था. इस वीडियो में उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ा कुछ बड़ा दावा किया था, जिसके बाद से ही इस मामले में बीजेपी सरकार पर कांग्रेस हमलावर हो रखी है. वहीं अब इस मामले में पुलिस की तरफ से भी जवाब आया है.
उर्मिला सनावर के वीडियो के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर जो चर्चाए चल रही है, उस पर अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. वी मुरुगेशन का बयान आया है. उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे भ्रामक और तथ्यहीन विवादों के संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण व संवेदनशील घटना थी, जिसकी जानकारी सरकार को प्राप्त होते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की गई थी.

विवेचना एवं ट्रायल की प्रक्रिया के दौरान यह प्रकरण उत्तराखंड हाईकोर्ट के समक्ष भी प्रस्तुत हुआ था, जहां सीबीआई जांच कराए जाने संबंधी याचिका दायर की गई थी. हाईकोर्ट ने एसआईटी जांच को निष्पक्ष, पारदर्शी व विधिसम्मत मानते हुए सीबीआई जांच की आवश्यकता से इनकार किया गया. साथ ही याचिका को खारिज कर दिया गया था.

