गोडसे को पूजने वालों से गांधी के सम्मान की उम्मीद करना बेईमानी है। कांग्रेस ने भाजपा पर यह बड़ा आरोप लगाया है। मनरेगा का नाम बदलने और सामाजिक भागीदारी से जुड़े प्रावधानों को खत्म करने के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में प्रदर्शन किया।
देश में द्वेष और बदले की राजनीति का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने भाजपा पर एक बार फिर गांधी विचारधारा को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस का कहना है कि भाजपा इतिहास बदलने की राजनीति कर रही है और इसी कड़ी में मनरेगा का नाम बदलकर यह साबित कर दिया है कि वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सम्मान नहीं करती।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नाम बदलने के साथ-साथ मनरेगा में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने वाले प्रावधानों को भी खत्म किया जा रहा है, जो सामाजिक न्याय पर सीधा हमला है।

