देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा अर्थ एवं संख्या, कृषि एवं उद्यान और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग में 178 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाने को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी 178 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा, जिसमें अर्थ एवं संख्या विभाग के 117, कृषि विभाग के 12 उद्यान विभाग के 30 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 19 अभ्यर्थी शामिल है.
इस मौके पर सीएम धामी ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते कहा कि सभी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन कर उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
साथ ही कहा कि गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय एवं समयबद्ध आंकड़े ही योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा, क्रियान्वयन और मूल्यांकन का आधार हैं. अर्थ एवं संख्या विभाग राज्य में डेटा संग्रह एवं विश्लेषण का नोडल विभाग होने के कारण काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

